India News (इंडिया न्यूज़),Jharkhand: झारखंड के खरसावां में पति के साथ मामूली विवाद में महिला 3 बच्चों संग कुएं में कूद गई। इस घटना में महिला के तीनों बच्चों की मौत हो गई है। सामने आई जानकारी के अनुसार, महिला की हालत गंभीर है।
मिली जानकारी के अनुसार, यह दिल दहला देने वाली घटना सरायकेला-खरसावां जिले के खरसावां थाना क्षेत्र में रविवार (18 फरवरी) की शाम की है। दरअसल, शनिवार को मायके जाने को लेकर पति के साथ विवाद हुआ था। महिला ने पति के खिलाफ पुलिस में 100 डायल कर की शिकायत थी। उसने पति पर आरोप लगाया कि वह आये दिन लड़ाई-झगड़ा करता है और मायके जाने नहीं देता है। खरसावां पुलिस ने अशोक महतो को डांट-फटकार लगा लौटा दिया। इससे नाराज होकर अशोक अपने घर लोहरदग्गा चला गया।
कुएं में बच्चों के साथ कूदी मां
इधर, रविवार सुबह लगभग 10 बजे घर से आवाज नहीं आयी तो आस -पड़ोस के लोगों ने पिछले दरवाजे से प्रवेश किया तो कोई नहीं था। इस दौरान चीखने की आवाज सुन पड़ोसी कुएं के पास पहुंचे तो वह पानी मोटर से लटकी हुई थी। उसे लोगों ने निकाला, पर बच्चों का कुछ पता नहीं चला। पूजा ने पूछताछ में बताया कि वह अपने तीन बच्चों कोमल कुमारी (9 वर्ष), अनन्या महतो (5 वर्ष) व आर्यन महतो (2 वर्ष) के साथ कुएं में कूद गयी थी।
पुलिस ने बच्चों के शव को कुएं से निकाला
सूचना पर मिलने पर पहुंची खरसावां पुलिस ने तीनों बच्चों के शवों के निकलवाया और पूजा को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल, पूजा बोलने की स्थिति में नहीं है। वहीँ, पुलिस की सूचना पर पति अशोक महतो लोहरदग्गा से खरसावां के लिए निकल चुका है।