India News Bihar (इंडिया न्यूज़), Giriraj Singh: केंद्रीय मंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता गिरिराज सिंह ने एक बार फिर से बढ़ती जनसंख्या पर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि भारत में सीमित संसाधनों के बीच तेजी से बढ़ती जनसंख्या एक गंभीर चुनौती बन गई है। गिरिराज सिंह ने कहा कि देश में जमीन और पीने का पानी जैसे बुनियादी संसाधनों की कमी हो रही है। उन्होंने 147 जिलों का उदाहरण देते हुए बताया कि वहां जनसंख्या वृद्धि दर तेजी से बढ़ रही है, जिसका मुख्य कारण हिंदू महिलाओं की तुलना में मुस्लिम महिलाओं की हाई फर्टिलिटी रेट (FTR) है।
गिरिराज सिंह ने कहा कि अब समय आ गया है कि भारत में भी जनसंख्या नियंत्रण के लिए कठोर कानून लागू किए जाएं। उन्होंने चीन के एक बच्चे की नीति का उदाहरण देते हुए कहा कि अगर चीन यह नीति नहीं लाता तो वहां की जनसंख्या आज 60 करोड़ से ज्यादा होती। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि भारत में ऐसा कानून होना चाहिए जो सभी धर्मों—हिंदू, मुस्लिम, सिख, इसाई—पर समान रूप से लागू हो।
इसके साथ जो लोग इन कानूनों का पालन नहीं करेंगे, उनसे मतदान का अधिकार छीन लिया जाए और उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ भी न दिया जाए। उन्होंने जोर देकर कहा कि जनसंख्या नियंत्रण कानून के बिना देश के विकास और संसाधनों का सही उपयोग संभव नहीं है।
गिरिराज सिंह के इस बयान के पीछे एक प्रमुख चिंता यह है कि बढ़ती जनसंख्या न केवल देश के संसाधनों पर दबाव डाल रही है बल्कि सामाजिक और आर्थिक असंतुलन भी पैदा कर रही है।
उन्होंने यह कहा कि अगर जनसंख्या नियंत्रण के उपाय नहीं किए गए, तो भविष्य में देश को गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि यह मुद्दा सभी राजनीतिक दलों और समाज के सभी वर्गों द्वारा गंभीरता से लिया जाना चाहिए, ताकि एक संतुलित और समृद्ध भारत का निर्माण हो सके।